सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। लोकसभा चुनाव के बाद एक बार फिर एनडीए बनाम इंडी गठबंधन की लड़ाई देखने को मिली, लेकिन इस बार इंडी गठबंधन एनडीए पर भारी पड़ा और विपक्षी गठबंधन ने 10 सीटों पर कब्जा जमाया।कांग्रेस ने 4, टीएमसी ने 4, AAP और डीएमके ने 1-1 सीट जीती वहीं भाजपा को उपचुनाव में सिर्फ दो सीटों पर जीत से संतोष करना पड़ा। बिहार की रुपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है।
उत्तराखंड में कांग्रेस के सामने चित बीजेपी
उत्तराखंड में मंगलौर और बद्रीनाथ सीट पर उपचुनाव हुआ था। बद्रीनाथ सीट पर कांग्रेस के लखपत सिंह बुटोला ने करीब 5 हजार से अधिक वोटों से बीजेपी के राजेंद्र भंडारी को शिकस्त दी। राजेंद्र भंडारी ही पहले यहां से विधायक थे लेकिन बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए थे। वहीं मंगलौर सीट जो बसपा विधायक सरबत करीम अंसारी के निधन के बाद खाली हुई थी, उस सीट पर पर कांग्रेस के काजी निजामुद्दीन ने बाजी मारी और कड़े मुकाबले में उन्होंने बीजेपी के करतार सिंह भड़ाना को 400 से अधिक वोटों से हराया।
हिमाचल में चला सीएम सुक्खू का जादू
हिमाचल प्रदेश में देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ सीट पर उपचुनाव हुए। देहरा सीट पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी और कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर को जीत मिली है वहीं हमीरपुर सीट पर बीजेपी उम्मीदवार आशीष शर्मा को जीत हासिल हुई है। उधर नालागढ़ सीट पर केएल ठाकुर को हार का मुंह देखना पड़ा। कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा को यहां जीत मिली है। पहले ये तीनों सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के पास थी।
बंगाल में TMC ने किया क्लीन स्वीप
पश्चिम बंगाल में चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए जहां TMC ने क्लीन स्वीप किया है। रायगंज, बागदा, राणाघाट और मानिकतला सीट पर टीएमसी उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की है। रायगंज सीट से टीएमसी प्रत्याशी कृष्णा कल्याणी ने बीजेपी उम्मीदवार मानस कुमार घोष को 49 हजार वोटों से ज्यादा के अंतर से शिकस्त दी। वहीं बागदा सीट पर टीएमसी की उम्मीदवार मधुपर्णा ठाकुर ने 33455 वोटों से जीत हासिल की। इसके अलावा राणाघाट से टीएमसी के मुकुट मणि ने बीजेपी के मनोज कुमार बिस्वास को करीब 39 हजार वोटों से हराया। मानिकतला सीट पर टीएमसी की सुप्ती पांडे ने बीजेपी के कल्याण चौबे को 41406 वोटों से हराया।
बिहार की रुपौली सीट पर RJD की बीमा भारती चुनाव हारीं
बिहार की रुपौली सीट पर RJD की बीमा भारती चुनाव हार गई हैं। यहां से निर्दलीय शंकर सिंह ने जीत दर्ज की। शंकर सिंह को 67782 वोट मिले जबकि 59578 वोट पाकर जेडीयू के कलाधर मंडल दूसरे स्थान पर रहे। वहीं, तीसरे स्थान पर रहीं बीमा भारती को 30114 वोट मिले। बता दें कि बीमा भारती के जेडीयू में शामिल होने की वजह से यहां सीट रिक्त हुई थी। बीमा भारती ने लोकसभा का चुनाव भी लड़ा था लेकिन वहां भी वह तीसरे नंबर पर रहीं।
तमिलनाडु में डीएमके ने मारी बाजी
तमिलनाडु की विक्रवंडी सीट पर हुए उपचुनाव में डीएमके उम्मीदवार अन्नीयूर शिवा ने पट्टाली मक्कल काची पार्टी (PMK) के अन्बुमणि. सी को 50 हजार से अधिक वोटों से हराया।
पंजाब में AAP को जीत
पंजाब की बात करें तो यहां सिर्फ एक सीट पर चुनाव हुआ। जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को जीत मिली है. यहां से AAP के मोहिंदर भगत ने बीजेपी प्रत्याशी शीतल अंगुराल को 37325 हजार वोटों से हराया
कमलनाथ के गढ़ में खिला कमल
मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हुए। बीजेपी से कमलेश शाह 3252 वोटों से जीत गए हैं तो वहीं कांग्रेस से धीरन शाह की हार हो गई है। बता दें कि 2023 में कांग्रेस विधायक रहे कमलेश शाह ने पार्टी से इस्तीफा दिया और बीजेपी का दामन थामा। उनके इस्तीफे से सीट खाली हुई और 10 जुलाई को यहां चुनाव हुए। बीजेपी ने कमलेश शाह को ही टिकट दिया था और अब वो विजयी हुए।
Author: Mukul Dwivedi
I graduated From the University of Allahabad and PG diploma in Mass communication From Government Polytechnic Lucknow. After study worked with Bharat samachar as Trainee Producer. Currently I am working With Ekal Bharat as a Producer.












Users Today : 0
Views Today :